हमीरपुर। जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक में निर्णय लिया गया कि जनपद में पर्यटन और स्थानीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से आगामी माह 29 से 31 जनवरी तक हमीरपुर महोत्सव आयोजित किया जाएगा। बैठक का संचालन जिलाधिकारी धनश्याम मीना की अध्यक्षता में किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि हमीरपुर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। महोत्सव का आयोजन पुलिस लाइन परिसर में होगा, जिसमें बुंदेलखंड की लोक संस्कृति की झलक प्रमुख रूप से देखने को मिलेगी। इसके साथ ही प्रदेश सहित अन्य राज्यों के कलाकारों को आमंत्रित किया जाएगा और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों व प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने महोत्सव की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश पर्यटन अधिकारी को दिए।
बैठक में पर्यटन विभाग की विकास परियोजनाओं की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने विभाग द्वारा संचालित परियोजनाओं की जांच कराने के निर्देश अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को दिए।
बैठक में सदस्य ब्रज किशोर गुप्ता, डॉ. उमाकांत राजपूत, मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी श्रवण कुमार, पर्यटन सूचना अधिकारी डॉ. चित्रगुप्त श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





