आजमगढ़l पुलिस परिवार के बच्चों एवं पुलिस कर्मियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं निशानेबाजी कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन, स्थित द्रोणाचार्य शूटिंग रेंज में नियमित रूप से शूटिंग प्रशिक्षण एवं अभ्यास कराया जा रहा है। इसी क्रम में वामा सारथी पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में वर्ष 2026 की प्रथम जनपद स्तरीय आन्तरिक शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 16 जून से 18 जून 2026 तक द्रोणाचार्य शूटिंग रेंज, पुलिस लाइन आजमगढ़ में किया जा रहा है।
प्रतियोगिता का शुभारम्भ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार द्वारा फीता काटकर एवं प्रतिभागियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शूटिंग केवल एक खेल नहीं, बल्कि धैर्य, एकाग्रता, मानसिक संतुलन एवं आत्मअनुशासन का उत्कृष्ट माध्यम है। ऐसे आयोजन पुलिस परिवार के बच्चों एवं पुलिस कर्मियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस प्रथम जनपद स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में कुल 51 प्रतिभागी प्रतिभाग कर रहे हैं, जिनमें पुलिस परिवार के बच्चे एवं पुलिस कर्मी शामिल हैं। प्रतियोगिता का संचालन एवं प्रशिक्षण द्रोणाचार्य शूटिंग रेंज की कोच एवं आयोजक महिला कांस्टेबल शिरीना बानो द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री मधुबन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर श्री शुभम तोदी, क्षेत्राधिकारी सदर श्रीमती आस्था जायसवाल, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु प्रेरित किया।
जनपद पुलिस की यह पहल पुलिस परिवार के बच्चों एवं पुलिस कर्मियों के सर्वांगीण विकास, खेल प्रतिभाओं के संवर्धन तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के वातावरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने एवं भविष्य में उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर प्राप्त होगा।





