कानपुर। 37वीं वाहिनी पीएसी परिसर में सोमवार को ‘जन-सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता’ के तहत निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सेनानायक बीबी. चौरसिया और उपसेनानायक तनु उपाध्याय (एडिशनल एसपी) के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन संकल्प सेवा समिति और आई.क्यू.आई. हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
शिविर में आई.क्यू.आई. हॉस्पिटल के तकनीशियन शिवम गुप्ता और उनकी टीम ने अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिजनों तथा प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षियों के नेत्रों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। साथ ही, मधु लोक ब्लड बैंक (किदवई नगर) और संकल्प सेवा समिति के अध्यक्ष श्री संतोष सिंह चौहान के सहयोग से रक्तदान शिविर भी आयोजित हुआ, जिसमें जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वेच्छा से रक्तदान किया।
सेनानायक बी.बी. चौरसिया ने शिविर का निरीक्षण कर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें प्रशंसा पत्र व उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पीएसी केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि समाज सेवा में भी अग्रणी भूमिका निभाती है। चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. अवस्थी, शिविरपाल चंदेश्वर, आरटीसी प्रभारी सीसी मनोज कुमार श्रीवास्तव, सूबेदार सैन्य सहायक रवेंद्र सिंह चौधरी, सहायक शिविरपाल शिवांशु द्विवेदी एवं मीडिया सेल प्रभारी रामेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।





