HomeNationalहिमाचल के चार शहरों का न्यूनतम पारा पांच डिग्री से कम

हिमाचल के चार शहरों का न्यूनतम पारा पांच डिग्री से कम

हिमाचल प्रदेश में बादलों के न बरसने से शुष्क ठंड का प्रकोप बढ़ रहा है। रात के पारे में लगातार गिरावट आ रही है। सोमवार को राज्य के चार शहरों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के ताबो में सबसे कम न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति के ही कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री और केलंग में 3.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसी तरह किन्नौर जिला के कल्पा में 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

तेज़ी से गिर रहा शहरों का पारा

अन्य शहरों का पारा भी तेजी से गिर रहा है। समधो में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री, रिकांगपिओ में 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा। शिमला जिला के सराहन में 9 डिग्री व नारकंडा में 8.7 डिग्री, सोलन में 9.3 डिग्री, कुल्लू जिला के मनाली में 8.3 डिग्री व भुंतर में 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

सुंदरनगर और पालमपुर में शिमला से ज्यादा ठंड

सर्दी के लिए विख्यात हिल्स स्टेशन शिमला में इन दिनों मौसम सुहावना बना हुआ है। दिलचस्प बात यह है कि मैदानी इलाके सुंदरनगर और पालमपुर शिमला से ज्यादा ठंडे हैं। सोमवार को शिमला में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा, तो सुंदरनगर में 10.1 डिग्री और पालमपुर में 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य शहरों पर नजर डालें तो धर्मशाला में पारा 14.9 डिग्री, ऊना में 14.4 डिग्री, नाहन में 18.1 डिग्री, कांगड़ा में 14 डिग्री, मंडी में 13 डिग्री, चम्बा व हमीरपुर में 14.1 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 13.8 डिग्री, डल्हौजी में 12.9 डिग्री, कुफ़री में 10.7 डिग्री, भरमौर में 10.9 डिग्री, सैंज में 10.4 डिग्री और मशोबरा में 11.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

जनजातीय जिलों में प्राकृतिक जलस्रोतों, झरनों व बहते नालों का पानी जमना शुरू

रात के पारे में आ रही गिरावट से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में पानी का जमना शुरू हो गया है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में प्राकृतिक जलस्रोतों, झरनों व बहते नालों का पानी बर्फ में तबदील होने लगा है। दोनों जिलों में आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और भी ज्यादा गिरावट आएगी तथा यह जमाव बिंदू से नीचे पहुंच जाएगा। राज्य के मैदानी हिस्सों में भी सुबह व शाम में ठिठुरन बढ़ गई है और लोगों ने गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं। पर्यटन स्थलों डल्हौजी, चायल, शिमला और मनाली में दिन में भी पर्यटक व स्थानीय लोग गर्म कपडों में देखे जा रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार इस पूरे हफ्ते मौसम में कोई खास बदलाव नहीं आएगा। आगामी 27 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान दिन में धूप खिलने से अधिकतम तापमान के सामान्य रहने का अनुमान है। राजधानी शिमला सहित राज्य के अन्य हिस्सों में सोमवार को भी धूप खिली है। राज्य से मानसून दो अक्टूबर को विदा हुआ था और तब से यहां ड्राई स्पेल चल रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular