फतेहपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाते हुए रेस्टोरेंट, ढाबों और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दो खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए, जबकि अस्वच्छ अवस्था में रखी लगभग पांच किलोग्राम खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट कराई गई।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी फतेहपुर के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) बी.एस. कुशवाहा के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बस स्टॉप ज्वालागंज स्थित अम्बर गुप्ता द्वारा संचालित जायसवाल कैंटीन से रंगीन चटनी का नमूना जांच के लिए लिया गया। वहीं दुकान पर अस्वच्छ अवस्था में रखे लगभग पांच किलोग्राम समोसा, कचौड़ी और पकौड़ी को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
आईजीआरएस शिकायत के आधार पर मवई, हुसैनगंज स्थित बंगाली स्वीट हाउस का भी निरीक्षण किया गया, जहां से छेना मिठाई का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया। विभाग ने बताया कि दोनों नमूनों को परीक्षण के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए यात्रा मार्ग पर स्थित ढाबों, होटलों और रेस्टोरेंटों पर फूड सेफ्टी कनेक्टिविटी एप से संबंधित स्टीकर भी लगाए गए। साथ ही खाद्य कारोबारियों को मूल्य सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने और स्वच्छता संबंधी मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की कार्रवाई का विवरण भी जारी किया।
इसके अनुसार अभियान और शिकायतों के आधार पर जनपद में कुल 378 खाद्य नमूने लिए गए, जिनमें 175 नमूने अधोमानक तथा 31 नमूने असुरक्षित पाए गए। इन मामलों में 215 वाद न्यायालय में दायर किए गए, जबकि न्याय निर्णायक अधिकारी द्वारा कुल 17 लाख 62 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
असुरक्षित पाए गए खाद्य पदार्थों में खोया, सरसों का तेल, मसाले, बेसन, दालें, पानी के पाउच, मिठाइयां, नमकीन तथा मीठी सुपारी शामिल रहीं। इनमें विजातीय वसा, प्रतिबंधित रंग, मृत कीड़े, ई-कोलाई बैक्टीरिया तथा तंबाकू की मिलावट जैसी अनियमितताएं पाई गईं। निरीक्षण अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार, दिनेश चंद्र, धीरज कुमार दीक्षित, अनुराधा कुशवाह तथा देवेश मिश्रा शामिल रहे।





