HomeMarqueeएफआरएस के माध्यम से लाभार्थियों को पोषाहार उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें: जिलाधिकारी

एफआरएस के माध्यम से लाभार्थियों को पोषाहार उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें: जिलाधिकारी

फतेहपुर। जिला पोषण समिति की मासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कार्यक्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्ष 2024-25 में निर्माण के लिए स्वीकृत आंगनबाड़ी केंद्रों के शेष कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से एक माह के भीतर पूर्ण कराया जाए। उन्होंने विजयीपुर विकासखंड में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों की प्रगति धीमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प के तहत जो आंगनबाड़ी केंद्र निर्धारित मानकों से अभी तक संतृप्त नहीं हुए हैं, उनके लिए कार्ययोजना तैयार की जाए तथा प्रत्येक माह कम से कम 10 केंद्रों को निर्धारित संकेतांकों से संतृप्त किया जाए। साथ ही कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें समय से पोषाहार एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उनकी नियमित निगरानी की जाए।

जिलाधिकारी ने सभी सीडीपीओ को निर्देश दिए कि ऐसे पांच आंगनबाड़ी केंद्र चिन्हित किए जाएं जहां सैम (SAM) एवं मैम (MAM) श्रेणी के बच्चों की संख्या अधिक है। इन बच्चों की विशेष निगरानी करते हुए पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा इसकी नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि मुख्य सेविकाएं भी संवेदनशीलता के साथ निगरानी कार्य सुनिश्चित करें।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए तथा गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों को एफआरएस प्रणाली के माध्यम से शत-प्रतिशत पोषाहार वितरण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं से संबंधित प्रोत्साहन राशि की फीडिंग पीएमएफएस पोर्टल पर समय से कराने के भी निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि सीडीपीओ एवं मुख्य सेविकाएं नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करें तथा निरीक्षण रिपोर्ट से उच्चाधिकारियों को अवगत कराती रहें, जिससे योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, डीसी मनरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी, सीडीपीओ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular