रजिस्टर अपडेट न मिलने पर नायब तहसीलदारों को फटकार
पेशकारों की ट्रेनिंग कराने के दिए निर्देश
लंबित वादों को एक माह में निस्तारित करने का आदेश
फतेहपुर। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने शुक्रवार को तहसील सदर कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नायब तहसीलदार कोर्ट, तहसीलदार न्यायिक कोर्ट सहित विभिन्न पटलों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदारों के क्षेत्र से संबंधित रजिस्टरों की जांच की। रजिस्टर अद्यतन न पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी नायब तहसीलदारों को निर्देशित किया कि वे अपने संबंधित रजिस्टरों का नियमित रूप से स्वयं परीक्षण करें। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी से तहसील निरीक्षण के बारे में जानकारी ली।
इस पर एसडीएम ने बताया कि लगभग दो महीने पहले निरीक्षण किया गया था। इस पर डीएम ने निर्देश दिए कि तहसील के सभी पटलों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा सभी पेशकारों की ट्रेनिंग भी कराई जाए। तहसीलदार से मत्स्य पट्टों के संबंध में जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने आगामी प्रक्रिया के बारे में पूछा, जिस पर बताया गया कि अगले माह नए पट्टों के लिए आवेदन लिए जाएंगे।
तहसीलदार न्यायालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न वादों की फाइलों को देखा और निर्देश दिए कि धारा-67 के पुराने वादों का तत्काल निस्तारण किया जाए। साथ ही अन्य लंबित वादों को प्राथमिकता के आधार पर एक माह के भीतर निपटाने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) डॉ. अविनाश त्रिपाठी, एसडीएम सदर अनामिका श्रीवास्तव, तहसीलदार सदर अमरेश कुमार, नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





