धुरंधर 2 की आखिर वह मुराद पूरी हो ही गई, जो रणवीर सिंह ने एक लंबे समय पहले मांगी थी। आदित्य धर की स्पाई थ्रिलर फिल्म ने एक बड़ी फिल्म का 29वें दिन रिकॉर्ड तोड़ डाला।
रणवीर सिंह (Ranveer Singh) की ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर हर दिन दहाड़ रही है। भारत में जहां यह फिल्म ‘पुष्पा 2’ का रिकॉर्ड तोड़ने के बेहद करीब पहुंच चुकी है, तो वहीं दुनियाभर में भी मूवी का दबदबा कायम है।
रिलीज के 29 दिन बाद भी फिल्म को नॉर्थ अमेरिका से लेकर ऑस्ट्रेलिया सहित अलग-अलग देशों में धुरंधर 2 को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। फिल्म ने गुरुवार को कुल कितनी कमाई की और ‘धुरंधर 2’ ने किस बड़ी फिल्म का वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर शिकार कर लिया है? आइए नीचे पूरी डिटेल्स जानते हैं:
‘धुरंधर 2’ ने कर ही दिया इस मूवी का शिकार
वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 240 करोड़ रुपये की बंपर ओपनिंग करने वाली ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने देखते ही देखते 1000 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार कर लिया था। इस मूवी ने 28 दिनों के अंदर 1737.24 करोड़ रुपये कमा लिए थे। अब एक महीना पूरा होने से पहले ही वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ का एक बड़ा सपना भी पूरा हो गया है।
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘धुरंधर 2’ ने 29 दिनों में वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर कुल 1747.3 करोड़ रुपये की शानदार कमाई कर ली है। इस आंकड़े को छूने के साथ ही रणवीर सिंह की स्पाई-थ्रिलर ने अल्लू अर्जुन की ब्लॉकबस्टर ‘पुष्पा 2’ (Pushpa 2) का रिकॉर्ड तोड़ डाला है। सैकनिल्क डॉट कॉम के मुताबिक, ‘पुष्पा 2’ का वर्ल्डवाइड लाइफटाइम कलेक्शन 1742 करोड़ रुपये था, जिसे अब ‘धुरंधर 2’ ने पीछे छोड़ दिया है।
ओवरसीज मार्केट में ‘धुरंधर 2’ का कब्जा
‘पुष्पा 2’ का रिकॉर्ड तोड़ने के साथ ही ‘धुरंधर 2’ अब वर्ल्डवाइड भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तीसरी फिल्म बन गई है। वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में अब यह मूवी सिर्फ ‘बाहुबली 2’ (Baahubali 2) और ‘दंगल’ (Dangal) से ही पीछे है।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर 2’ की ओवरसीज मार्केट में भी काफी अच्छी कमाई हुई है। यह फिल्म विदेशों में भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मूवी बनने के बाद भी रुकने का नाम नहीं ले रही है। फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में अब तक कुल 438.6 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। बॉक्स ऑफिस पर गदर काटने के बाद अब फैंस को इस मूवी के ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार (Jio Hotstar) पर आने का बेसब्री से इंतजार है।





