कानपुर। ऑल इंडिया ईपीएस-95 संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष ओम शंकर तिवारी और राष्ट्रीय सलाहकार राजेश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी से उनके आवास पर मुलाकात कर चार सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों से जुड़ी लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से न्यूनतम मासिक पेंशन को वर्तमान 1,000 रुपये से बढ़ाकर 7,500 रुपये करने तथा उस पर समय-समय पर महंगाई भत्ता लागू करने की मांग की गई। इसके साथ ही पति-पत्नी दोनों के लिए समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा कर्मचारी पेंशन योजना से वंचित रह गए पात्र कर्मचारियों को योजना में शामिल कर न्यूनतम 5,000 रुपये पेंशन दिए जाने की मांग भी उठाई गई।
सांसद रमेश अवस्थी ने प्रतिनिधिमंडल की बात विस्तार से सुनने के बाद आश्वासन दिया कि वह इस मुद्दे को संसद में नियम 377 के अंतर्गत उठाएंगे। उन्होंने कहा कि वह केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री से व्यक्तिगत रूप से मिलकर पेंशनभोगियों की समस्याओं के समाधान का प्रयास करेंगे।
सांसद ने कहा कि मौजूदा महंगाई के दौर में 1,000 रुपये मासिक पेंशन पर्याप्त नहीं है और पेंशनभोगियों की मांग पूरी तरह न्यायोचित है। उन्होंने यह भी बताया कि वह पहले भी इस विषय को संसद में उठा चुके हैं प्रतिनिधिमंडल में अनूप कुमार कुशवाहा, सुधीर मिश्रा, रामदयाल शर्मा, शीतला बाजपेयी, जगरूप सिंह, रामनिवास पांडेय, शिव बहादुर सिंह, उमेश कुमार शुक्ला, दिनेश सिंह, रामजी विश्वकर्मा सहित संघर्ष समिति के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।





