लाभार्थियों का हुआ पंजीकरण, प्राकृतिक खेती और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी रहा विशेष जोर
मौदहा (हमीरपुर)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को कस्बे की गल्ला मंडी समिति परिसर में जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई तथा पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया गया।
उपजिलाधिकारी कर्णवीर सिंह ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा पात्र लोगों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि विभागों द्वारा प्रचार सामग्री वितरित कर नागरिकों को योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर के दौरान मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं अन्य चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम स्वनिधि योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री किसान दुर्घटना कल्याण योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना एवं एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
इसी क्रम में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन, चिकित्सक, अभियंता, उद्यमी एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की। सम्मेलन में सरकार की उपलब्धियों तथा “विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश” विषय पर विचार-विमर्श किया गया।
कृषि विभाग द्वारा आयोजित प्राकृतिक खेती कार्यशाला में किसानों को जीवामृत, बीजामृत, जैविक कीटनाशकों एवं गौ-आधारित खेती की तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने किसानों को रासायनिक खेती के विकल्प के रूप में प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
भीषण गर्मी को देखते हुए शिविर स्थल पर पेयजल, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम में प्रभारी खंड विकास अधिकारी अनिल पाठक, एडीओ अमर सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉ. रजत रंजन तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





