खरीद के अंतिम दिन भी केंद्रों पर डटे रहे किसान, तौल कराने में जुटे रहे केंद्र प्रभारी
भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। शासन द्वारा निर्धारित गेहूं खरीद अवधि के अंतिम दिन सोमवार को भी खरीद केंद्रों पर किसानों की अच्छी-खासी भीड़ रही। किसान अंतिम समय तक अपने गेहूं की तौल कराने के लिए केंद्रों पर डटे रहे, वहीं केंद्र प्रभारी खरीद प्रक्रिया को समय पर पूरा कराने में जुटे रहे। गल्ला मंडी में संचालित तीन खरीद केंद्रों पर इस सीजन में कुल 700 किसानों से 48,747 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई।
प्रदेश सरकार ने किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के लिए 30 मार्च से 15 जून तक का समय निर्धारित किया था। कस्बे की गल्ला मंडी में दो केंद्र विपणन विभाग तथा एक केंद्र क्रय-विक्रय सहकारी समिति द्वारा संचालित किया गया था।
विपणन विभाग के केंद्र प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि उनके केंद्र पर 276 किसानों से 18,925 क्विंटल गेहूं खरीदा गया। इनमें से केवल तीन किसानों का भुगतान शेष है, जबकि 18,000 क्विंटल गेहूं का उठान भी किया जा चुका है।
विपणन विभाग के दूसरे केंद्र के प्रभारी मोबीन खान ने बताया कि उनके केंद्र पर 325 किसानों से 22,366 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई है। पांच किसानों का भुगतान अभी शेष है तथा 19,000 क्विंटल गेहूं का उठान कराया जा चुका है।
क्रय-विक्रय सहकारी समिति के केंद्र प्रभारी शुभम त्रिपाठी के अनुसार उनके केंद्र पर 99 किसानों से 7,456 क्विंटल गेहूं खरीदा गया। सात किसानों का भुगतान लंबित है, जबकि 5,300 क्विंटल गेहूं का उठान हो चुका है।
केंद्र प्रभारियों ने बताया कि खरीद के अंतिम दिन शाम पांच बजे तक पहुंचे सभी किसानों के गेहूं की तौल कराई गई। इसके बाद शासन के निर्देशानुसार खरीद कार्य बंद कर दिया जाएगा। खरीद केंद्रों पर व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी की जाती रही, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।





