Thursday, April 16, 2026
spot_img
HomeNational'कमिश्नर साहब! कुएं खुदवा दो, मटके से पानी भर लेंगे', गुरुग्राम में...

‘कमिश्नर साहब! कुएं खुदवा दो, मटके से पानी भर लेंगे’, गुरुग्राम में पेयजल संकट से नाराज लोगों ने किया प्रदर्शन

गुरुग्राम के ग्रीनवुड सिटी में पानी की किल्लत से परेशान लोगों ने प्रदर्शन किया। निवासियों ने निगम कमिश्नर से कुएं खुदवाने की गुहार लगाई। उनका कहना है कि पिछले चार दिनों से पानी की सप्लाई बाधित है जिससे उन्हें महंगे दामों पर टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। लोगों ने जर्जर मोटरों और टूटी चारदीवारी की समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है।

गुरुग्राम। सेक्टर 45-46 में स्थित ग्रीनवुड सोसायटी के बाशिंदों को भीषण गर्मी में पीने का पानी नहीं मिल रहा है। इससे नाराज लोगों ने स्थानीय बूस्टिंग स्टेशन परिसर में बुधवार को प्रदर्शन कर निगम अधिकारियों के विरुद्ध नारेबाजी की।

गुस्साए लोगों ने निगम कमिश्नर से अपील करते हुए कहा, कमिश्नर साहब! कुएं खुदवा दीजिए, मटके से ही पानी भर लेंगे। लोगों के अनुसार सोसायटी के ए, बी और सी ब्लाक में बीते चार दिनों से पानी की सप्लाई बाधित है, जिससे परेशानी बढ़ गई है।

स्थानीय निवासी मनीषा, सीमा और बलजीत सिंह ने बताया कि पेयजल संकट के चलते उन्हें महंगे रेट पर टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि नगर निगम के अधिकारी समस्याओं के समाधान के बजाय छुट्टियों में व्यस्त हैं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि मोटरें कभी ठीक से चलती ही नहीं हैं। इसके कारण पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है।

35 साल पुरानी मोटरें, नहीं हो रही मरम्मत

लोगों का कहना है कि पानी सप्लाई के लिए जिम्मेदार बूस्टिंग स्टेशन की मोटरें जर्जर हालात में हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ये मोटरें करीब 35 साल पुरानी हैं और कई बार शिकायत के बावजूद इनकी मरम्मत नहीं कराई गई। इससे सोसायटी में नियमित जल आपूर्ति बाधित हो रही है।

बूस्टिंग स्टेशन की चारदीवारी टूटी, कैब चालकों ने कर लिया कब्जा

इतना ही नहीं, बूस्टिंग स्टेशन की चारदीवारी भी टूटी हुई है। इसका फायदा उठाकर कई कैब चालक वहां अपने वाहन खड़े करते हैं। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से जल्द से जल्द समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे निगम कार्यालय के बाहर धरना देने को मजबूर होंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular