सिंदुरिया (महराजगंज)। स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव से एक किशोरी के लापता होने और उसे बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़िता के पिता द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार उनकी पुत्री 7 जून को घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने रिश्तेदारों तथा अन्य संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
आरोप है कि 9 जून को किशोरी ने अपने पिता को मोबाइल फोन कर बताया कि गांव निवासी एक युवक उसे बहला-फुसलाकर मुंबई ले गया है। पिता का कहना है कि जब उन्होंने फोन पर आरोपी से पुत्री को वापस घर भेजने की बात कही, तो आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
थानाध्यक्ष विशाल शुक्ला ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा किशोरी की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।





