भरुआ सुमेरपुर। बस स्टैंड के समीप सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन (डाक बंगला) के बाहर हुए अतिक्रमण पर शनिवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर कब्जा हटवा दिया। कार्रवाई जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देश के बाद नगर पंचायत और पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
बताया गया कि नेशनल हाईवे किनारे स्थित सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन के बाहर कुछ लोगों ने गुमटियां एवं अन्य अस्थायी ढांचे रखकर अतिक्रमण कर लिया था। इस स्थान पर नगर पंचायत द्वारा यात्री प्रतीक्षालय, सार्वजनिक शौचालय तथा वाटर कूलर स्थापित किया जाना प्रस्तावित है, लेकिन अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था।
शनिवार को समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी दिनेश चंद्र को तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद नगर पंचायत की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और गुमटियों सहित अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटवा दिया।
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि कस्बे के बाजार क्षेत्र में भी अस्थायी अतिक्रमण हटाने के लिए सोमवार से विशेष अभियान चलाया जाएगा। हमीरपुर नगर पालिका की तर्ज पर सड़कों के किनारे रेलिंग लगाकर दोबारा अतिक्रमण रोकने की योजना है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि अतिक्रमण हटाने के बाद यदि कोई दोबारा कब्जा करता है तो उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाए।





