बिजली विभाग की लापरवाही से गई पशुपालक की जमा पूंजी।
दुबग्गा लखनऊ। दुबग्गा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमेठिया सलेमपुर गांव में गुरुवार को दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। यहां बारिश के कारण बिजली के खंभे में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई।
पशुपालक संजय पुत्र फकीरें ने बताया कि वह करीब दो वर्ष पूर्व इस भैंस को चालीस हजार रुपये में खरीद कर लाए थे। उन्होंने बताया कि अभी भैंस ने दूध देना शुरू नहीं किया था, लेकिन वे उसे अपनी जमा पूंजी की तरह संभाल रहे थे।
मृतक पशुपालक के अनुसार, गांव में बिजली के खंभे पूरी तरह से जर्जर और असुरक्षित स्थिति में हैं। बारिश के दौरान खंभे में करंट उतरने से यह हादसा हुआ, जिसे लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण ही आज संजय को यह भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
घटना के बाद से क्षेत्र के पशुपालकों ने विभाग के प्रति नाराजगी जाहिर की है। संजय ने स्थानीय प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। साथ ही ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जर्जर तारों और खंभों की तुरंत मरम्मत करवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की जानलेवा घटनाओं को रोका जा सके।





