मिठौरा (महराजगंज)। स्थानीय विकास खंड की ग्राम पंचायत दरहटा में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को लेकर बुधवार को अंत्योदय एवं बीपीएल कार्डधारकों ने प्रदर्शन किया। कार्डधारकों ने आरोप लगाया कि उन्हें अप्रैल, मई और जून माह का खाद्यान्न नहीं मिला, जबकि ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाकर रिकॉर्ड में राशन वितरण दर्शा दिया गया। मामले को लेकर ग्रामीणों ने पंचायत भवन परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कोटेदार संतोष मद्धेशिया ने तीन माह का राशन वितरित किए बिना ही अभिलेखों में वितरण दर्ज कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उन्हें तीन माह का बकाया राशन नहीं मिल जाता, तब तक वे जुलाई माह के राशन के लिए ई-पॉस मशीन पर फिंगर नहीं लगाएंगे। प्रदर्शन में प्रधान प्रतिनिधि मनीष पासवान, विजय प्रकाश पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
इसके बाद महिलाओं ने जिलाधिकारी को संबोधित शिकायती पत्र सौंपकर बताया कि कई महीनों से नियमित रूप से राशन नहीं मिल रहा है। उनका आरोप है कि अंगूठा लगवाने के बावजूद खाद्यान्न का वितरण नहीं किया गया, जिससे गरीब परिवारों के सामने खाद्यान्न का संकट उत्पन्न हो गया है। खाद्य पूर्ति निरीक्षक बालेश्वर मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। शिकायत प्राप्त होने पर पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कोटेदार के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।





