प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व की सराहना
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित स्वयं सहायता समूहों की सफलता और ग्रामीण आजीविका के नवाचारों का अध्ययन करने के लिए नाइजीरिया का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल बुधवार को टप्पल विकासखंड पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों का गहन अवलोकन किया तथा महिला सशक्तिकरण, सामुदायिक भागीदारी और ग्रामीण आर्थिक सुदृढ़ीकरण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित योजनाओं और ग्रामीण विकास मॉडल की प्रशंसा करते हुए इसे विकासशील देशों के लिए प्रेरणादायी बताया।
टप्पल विकासखंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रतिनिधिमंडल को उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की कार्यप्रणाली, सामुदायिक संस्थाओं की संरचना तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। इसके उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने भरतपुर एवं जट्टारी क्षेत्र का भ्रमण कर स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित बैग निर्माण इकाई, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, एग्रो प्रोसेसिंग यूनिट सहित अन्य आजीविका परियोजनाओं का निरीक्षण किया। प्रतिनिधियों ने इन इकाइयों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को मिल रहे रोजगार, स्वरोजगार, आयवृद्धि तथा आर्थिक सशक्तिकरण के मॉडल को निकट से समझा और इसे अत्यंत प्रभावी एवं अनुकरणीय बताया।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की डिप्टी कमिश्नर डॉ0 मंजू त्रिवेदी ने बताया कि नाइजीरिया का यह उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान (एनआईआरडीपीआर) द्वारा आयोजित अध्ययन भ्रमण पर भारत आया है। प्रतिनिधिमंडल में नाइजीरिया की विभिन्न राज्यों एवं राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं, जो भारत में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संचालित समावेशी सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका मॉडल का अध्ययन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि टप्पल को राष्ट्रीय स्तर पर इमर्शन साइट के रूप में विकसित किया गया है, जहां देश-विदेश के प्रतिनिधिमंडल समय-समय पर अध्ययन के लिए आते हैं।
प्रतिनिधिमंडल की सदस्य एवं नाइजीरिया की सुप्रीम मैनेजमेंट ट्रेनिंग एंड कंसल्टेंसी सर्विसेज की डिप्टी चीफ कंसल्टेंट एवं मुख्य परिचालन अधिकारी ओलुवातोयिन ओलोमो ने कहा कि भारत आगमन से लेकर अब तक उन्हें हर स्थान पर आत्मीय स्वागत और सहयोग प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत में ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में जिस व्यापक स्तर पर कार्य हुआ है, वह अत्यंत प्रभावशाली है। उन्होंने कहा कि ऐसा सशक्त और परिणामकारी कार्य केवल दूरदर्शी एवं कुशल नेतृत्व में ही संभव है।





