महोबा। जनपद में आयोजित होने वाली उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा–2025 को सकुशल, निष्पक्ष एवं शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को अपर जिलाधिकारी महोबा कुंवर पंकज एवं अपर पुलिस अधीक्षक महोबा वन्दना सिंह द्वारा जनपद में बनाये गये विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर स्थापित कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण कर उनका जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने संबंधित केन्द्र व्यवस्थापकों व ड्यूटी में तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, शुचिता एवं सुरक्षा के साथ सम्पन्न कराया जाए तथा परीक्षा से संबंधित सभी मानकों व दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान पायी गई कुछ त्रुटियों के सम्बन्ध में संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गये, जिससे परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
अधिकारियों ने यह भी निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुगम एवं व्यवस्थित प्रवेश प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न हो सके।





