अलीगढ़। थाना गांधीपार्क क्षेत्र के बोनेर तिराहे पर स्थित ‘ग्रीन पैलेस ओयो होटल’ में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक युवती को पिछले 15 दिनों से बंधक बनाकर उसके साथ लगातार दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। शुक्रवार को होटल के कमरे में युवती संदिग्ध और मरणासन्न हालत में मिली, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथ-साथ मौके से एक तथाकथित पत्रकार को भी आपत्तिजनक अवस्था में गिरफ्तार किया है।
नशीला पदार्थ देकर 15 दिनों तक किया शोषण
पीड़िता के परिजनों और पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी ने अपनी पहचान छिपाकर युवती को प्रेम जाल में फंसाया और उसे होटल में ले आया। आरोप है कि पिछले दो हफ्तों से युवती को कमरे में बंद रखा गया और उसे नशीला पदार्थ देकर लगातार शारीरिक शोषण किया गया। शुक्रवार को जब युवती की चीखें बाहर आईं और उसकी हालत बिगड़ी, तब मामला उजागर हुआ।
मौके से तथाकथित पत्रकार लवकुश गिरफ्तार
होटल में छापेमारी के दौरान पुलिस उस समय दंग रह गई जब कमरे से एक तथाकथित पत्रकार लवकुश को भी नग्न अवस्था में पकड़ा गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, होटल में अनैतिक गतिविधियों का खेल लंबे समय से चल रहा था, जिसमें रसूखदार और कथित मीडियाकर्मियों की मिलीभगत भी सामने आ रही है। गांधीपार्क पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
हिंदू संगठनों का भारी हंगामा
जैसे ही घटना की जानकारी फैली, विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बोनेर तिराहे और थाने पर जमा हो गए। कार्यकर्ताओं ने इसे ‘लव जिहाद’ का स्पष्ट मामला बताते हुए होटल को सील करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने स्थिति को बिगड़ने से बचाने के लिए इलाके में भारी बल तैनात कर दिया है।





