सेवन हिल्स कॉलेज में हर्षोल्लास से मना गुरु पूर्णिमा पर्व
इटावा। सेवन हिल्स इंटर कॉलेज में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व बुधवार को श्रद्धा, सम्मान एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को रेखांकित किया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ सरस्वती के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों का तिलक लगाकर एवं पुष्प अर्पित कर सम्मान किया तथा उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने गुरु महिमा पर आधारित कविता,भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया।विद्यालय के प्रधानाचार्य सौरभ दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते,बल्कि जीवन को सही दिशा भी प्रदान करते हैं। गुरु के मार्गदर्शन में व्यक्ति भौतिक उपलब्धियां भी हासिल करता है और आध्यात्मिक भी।जो लोग भी आगे चलकर महान व्यक्ति बने,उनकी उस महानता को संवारने में उनके गुरुओं का ही योगदान रहा।
उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों के प्रति सदैव सम्मान एवं अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया।विद्यालय के चेयरमैन शिव किशोर दुबे एडवोकेट एवं ट्रस्टी सुनील कुमार राजपूत ने भी सभी को गुरु पूर्णिमा पर्व की बधाई दीं।कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने गुरु-शिष्य परंपरा को सशक्त बनाए रखने का संकल्प लिया।संपूर्ण वातावरण श्रद्धा, सम्मान एवं सकारात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा।





