नीले झंडों से सजी बाइकों ने खींचा ध्यान, अंबेडकर पार्क में हुआ समापन
मौदहा (हमीरपुर)। अंबेडकर जयंती के एक दिन पूर्व कस्बे में सोमवार को एक विशाल बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली में शामिल बाइकों पर लगे नीले झंडे आकर्षण का केंद्र बने रहे और पूरे कस्बे में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
रैली का नेतृत्व मौदहा चेयरमैन रज़ा मुहम्मद उर्फ श्रीनाथ ने किया। बाइक रैली अंबेडकर तिराहा स्टेशन से शुरू होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों—अरतरा चौराहा, देवी चौराहा, थाना चौराहा, मलीकुंआ और तहसील रोड होते हुए मीरा तालाब स्थित अंबेडकर पार्क तक पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।
समापन कार्यक्रम के दौरान संविधान सभा की प्रारूप समिति के अध्यक्ष, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन और उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। रैली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय एवं कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। इस अवसर पर भीम आर्मी के संदीप बाल्मीकि ने रैली में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।





