मौदहा। मुस्करा थाना क्षेत्र के हुसैना गांव के पास गुरुवार सुबह ई-रिक्शा और बाइक में सीधी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। इस घटना में बाइक के नीचे दबकर युवक गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से घायल को सीएचसी मुस्करा लाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।ई-रिक्शा चालक को भी हल्की-फुल्की चोटें आई हैं।
उमरी गांव निवासी गोविंद 25 वर्ष हुसैना गांव में चल रहे यज्ञ में जा रहा था। तभी गांव से पहले सामने से आ रहे ई-रिक्शे से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा और बाइक दोनों में आग लग गई। बाइक के नीचे दब जाने से बाइक चालक बुरी तरह से झुलस गया। उसकी कमर के नीचे का हिस्सा बुरी तरह से जल गया है। जबकि ई-रिक्शा चालक कपिल यादव निवासी हुसैना को भी हल्की-फुल्की चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बाइक सवार गोविंद को तत्काल सीएचसी मुस्करा पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद परिजन उसे मेडिकल कॉलेज उरई लेकर जा रहे थे, लेकिन डॉक्टरों के अनुसार गोविंद की हालत गंभीर होने के चलते उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया मुस्करा थाना प्रभारी ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि इमिलिया-हुसैना मार्ग पर ई-रिक्शा एवं मोटरसाइकिल के मध्य सड़क दुर्घटना हो गई है।
सूचना प्राप्त होते ही पीआरबी एवं मुस्करा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जहां ई-रिक्शा चालक कपिल पुत्र रामखिलावन निवासी ग्राम हुसैना थाना मुस्करा तथा मोटरसाइकिल चालक गोविंद प्रजापति पुत्र झंडू निवासी ग्राम उमरी, थाना बिवांर दुर्घटना में घायल हो गए थे। दुर्घटना के परिणामस्वरूप मोटरसाइकिल में आग लग जाने से वह पूर्णतः जल गई तथा ई-रिक्शा का अगला भाग क्षतिग्रस्त हो गया।पुलिस द्वारा गंभीर घायल गोविंद प्रजापति को परिजनों के सहयोग से एंबुलेंस द्वारा उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा भिजवाया गया। जहां से उसे रिफर किया गया है।





