मुंशीगंज (अमेठी)। हत्या के मामले में वांछित आरोपित को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला कर आरोपित को छुड़ा ले जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने आरोपित के पिता भाई बहन समेत पांच नामजद और 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। घटना का वीडियो भी पुलिस के हाथ लगा है जिसके आधार पर कार्रवाई तेज कर दी गई है। गौरीगंज थाने में तैनात उपनिरीक्षक जुनैद खान की तहरीर पर दर्ज एफआईआर के मुताबिक थाना गौरीगंज में दर्ज हत्या के मुकदमे में वांछित आरोपी आशीष कुमार पांडेय पुत्र मनोज पांडेय निवासी मड़ेरिका थाना मुंशीगंज की तलाश की जा रही थी।
मंगलवार को पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके गांव पहुंची थी। तहरीर के अनुसार पुलिस टीम ने आरोपी आशीष पांडेय को उसके घर पर पकड़ लिया था लेकिन तभी उसके परिजन और अन्य लोग उग्र हो गए। आरोप है कि पिता मनोज कुमार पांडेय भाई आदर्श पांडेय बहन समेत अन्य लोगों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की गई गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं आरोप है कि आरोपी को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर भगा दिया गया।
हमले के दौरान दरोगा की वर्दी फाड़ दी गई और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट भी की गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सरकारी कार्य में बाधा हमला धमकी और आरोपी को भगाने समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी पुलिस के पास मौजूद बताई जा रही है। मुंशीगंज प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।





