समुद्र में फंसे रोहिंग्या शरणार्थी, संस्थाओं ने की मदद करने की अपील?

0
116

नई दिल्ली। भारत के राज्य अंडमान के करीब समुद्र में एक नाव में कुछ रोहिंग्या शरणार्थी फंस गए हैं। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि नाव में सवार लोगों में से कुछ की मृत्यु हो चुकी है। शरणार्थी संस्था संयुक्त राष्ट्र ने नाव पर सवार रोहिंग्यों को तुरंत बचाने के लिए कहा है। यूएनएचसीआर के अनुसार नाव दक्षिणी बांग्लादेश से लगभग 10 दिनों पहले रोहिंग्या शरणार्थियों को लेकर निकली थी, लेकिन रास्ते में उसका इंजन खराब हो गया।

भारतीय कोस्ट गार्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार नाव का पता लगा लिया गया है। यह नाव अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पास एक इलाके में है। उन्होंने कहा कि नाव में कुल कितने लोग हैं इसके बारे में आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है, लेकिन मानवाधिकार संगठनों के मुताबिक इस नाव में कम से कम 90 लोग हैं। वहीं यूएनएचसीआर ने अपने एक बयान में कहा, “उन लोगों की जान बचाने और त्रासदी को और बढ़ने से रोकने के लिए तुरंत कदम उठाए जाने की जरूरत है।” संस्था ने ये भी कहा है कि इन फंसे हुए शरणार्थियों को बचाने में जो भी देश मदद करेगा संस्था उसे समर्थन देगी।

नाव पर सवार रोहिंग्यों में से कम से कम आठ लोगों की मौत की आशंका रोहिंग्या संकट की जानकारी रखने वाले समूह ‘द अराकान प्रोजेक्ट’ के निदेशक क्रिस लेवा ने की है। लेवा का कहना है कि नाव के पास स्थित भारतीय नौसेना के जहाजों ने नाव में फंसे शरणार्थियों को थोड़ा खाना और पानी दिया था, लेकिन इसके आगे उनका क्या होगा यह कहा नहीं जा सकता।

रोहिंग्याओं से ही जुड़ी एक और संस्था ‘रोहिंग्या ह्यूमन राइट्स इनिशिएटिव’ ने बताया है कि नाव पर सवार लोगों में 65 महिलाएं व लड़कियां है और 20 पुरुष और दो साल से कम उम्र के पांच बच्चे हैं।

रोहिंग्या शरणार्थी पर एक बार फिर मंडराया संकट
भारतीय नौसेना के एक प्रवक्ता ने इसके बारे में जानकारी नहीं दी है लेकिन कहा कि बाद में एक बयान जारी किया जाएगा। वहीं यूएनएचसीआर के मुताबिक यह नाव बांग्लादेश के तटीय जिले कॉक्स बाजार से निकली थी जहां म्यांमार से अपनी जान बचा कार भागे करीब 10 लाख रोहिंग्या शरणार्थी शिविरों में बुरे हालात में रह रहे हैं। इस बारे में बांग्लादेश में अधिकारियों का कहना है कि उन्हें शिविरों से किसी भी नाव के निकलने की जानकारी नहीं है।

कॉक्स बाजार के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रफीकुल इस्लाम ने कहा, “अगर हमारे पास इसकी जानकारी होती तो हमने उन्हें रोक लिया होता।” वहीं अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संस्था ऐमनेस्टी ने अपने एक बयान में कहा कि समुद्र में फंसे रोहिंग्या लोगों की मदद करने से पहले ही सरकारों द्वारा मना कर देने की वजह से कई जानें जा चुकी हैं। ऐमनेस्टी के दक्षिण एशिया कैम्पेनर साद हम्मादी ने कहा, “उन शर्मनाक घटनाओं को दोहराया नहीं जाना चाहिए। बांग्लादेश में सालों लंबी अनिश्चय की स्थिति और अब म्यांमार में हाल ही में हुए तख्तापलट की वजह से रोहिंग्या लोगों को लगता है कि उनके पास इस तरह की जोखिम भरी यात्राएं करने के अलावा और कोई रास्ता नहीं है।”

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here