चन्दौली। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के टीआरएस शेड, डीडीयू में टेक्नीशियन-प्रथम 52 वर्षीय प्रमोद कुमार यादव क्रेन ऑपरेशन के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उन्हें तत्काल रेलवे लोको अस्पताल, डीडीयू पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के उपरांत बेहतर चिकित्सा हेतु उन्हें एपेक्स हॉस्पिटल, वाराणसी रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनका दुःखद निधन हो गया। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के निर्देश पर उपचार की पूरी अवधि एवं उसके उपरांत आवश्यक औपचारिकताओं के दौरान रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी निरंतर परिजनों के साथ रहे तथा उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया गया। दिवंगत श्री यादव के परिजनों को अंत्येष्टि हेतु तात्कालिक आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई।
साथ ही, मंडल रेल प्रबंधक के निर्देश पर कार्मिक विभाग द्वारा डीसीआरजी, अवकाश नगदीकरण, समूह बीमा , स्टाफ बेनिफिट फंड तथा पारिवारिक पेंशन सहित अन्य देय सेवा-परिलाभों की प्रक्रिया प्राथमिकता एवं युद्धस्तर पर प्रारंभ कर दी गई है। सभी औपचारिकताएं एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, दिवंगत कर्मचारी के आश्रित को रेलवे की अनुकंपा नियुक्ति योजना के अंतर्गत नियुक्ति हेतु आवश्यक कार्यवाही भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण की जाएगी। मंडल रेल प्रबंधक द्वारा घटना की तकनीकी जांच उच्च स्तरीय टीम के द्वारा किए जाने हेतु निर्देश दिए गए हैं। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल, पूर्व मध्य रेल अपने कर्मियों की सुरक्षा, कल्याण एवं सुरक्षित कार्य-संस्कृति के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। प्रमोद कुमार यादव के असामयिक निधन पर मंडल गहरा शोक व्यक्त किया ।





