पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से रविवार को आदर्श नगर पंचायत शोहरतगढ़ में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत जागरूकता रैली, पौधरोपण और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने रैली निकालकर लोगों को पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय शोहरतगढ़ और पीएमश्री विद्यालय कम्पोजिट जेएचएस कन्या विद्यालय (नीबी दोहनी) के छात्रों द्वारा संयुक्त जागरूकता रैली निकाली गई। उपजिलाधिकारी कर्मेंद्र कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली नीबी दोहनी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोलघर, भारत माता चौक और पुलिस पिकेट सहित विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। बच्चों ने हाथों में बैनर और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एसडीएम कर्मेंद्र कुमार ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान केवल पौधरोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प है। उन्होंने सभी नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि छात्रों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना समय की जरूरत है और ऐसे कार्यक्रम प्रकृति संरक्षण की भावना को मजबूत करते हैं।
इसी क्रम में बेनीमाधव नगर स्थित नंदन वन पार्क में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष उमा अग्रवाल ने पौधा रोपित कर हरित एवं स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को एक पौधा लगाकर उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
वहीं शोहरतगढ़ थाना परिसर में भी अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी और प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। ब्लॉक संसाधन केंद्र क्षेत्र के कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय लेदवा में भी बच्चों और शिक्षकों ने विद्यालय परिसर में पौधे लगाकर अभियान में सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित पर्यावरण सुरक्षा विषयक निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को एसडीएम कर्मेंद्र कुमार और बीईओ संजय कुमार ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष उमा अग्रवाल, सीओ मयंक द्विवेदी, बीईओ संजय कुमार, प्रधानाध्यापक तुलसीराम, परमानंद श्रीवास्तव सहित शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।





