जलालपुर, अंबेडकर नगर। 22 मोहर्रमुल हराम 1448 हिजरी के अवसर पर आगामी 8 जुलाई 2026 (बुधवार) को कटघर कमाल स्थित इमाम बारगाह ज़ैनबिया से पारंपरिक जुलूस-ए-शोहदाए कर्बला पूरे अकीदत और एहतराम के साथ निकाला जाएगा। जुलूस को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और आयोजकों ने बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील की है।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:30 बजे मजलिस से होगा, जिसे मौलाना सैय्यद शाहिद कमाल संबोधित करेंगे। इसके उपरांत शबीह-ए-अलम मुबारक, शबीह ताबूत एवं जुलजनाह की ज़ियारत कराई जाएगी। इसके बाद अंजुमनों द्वारा नौहाख़्वानी, मातम और सीना-ज़नी के साथ जुलूस अपने पारंपरिक मार्गों से गुजरते हुए इमाम बारगाह हैदरिया पर सम्पन्न होगा।
आयोजकों के अनुसार जुलूस में स्थानीय अंजुमनों के अलावा अमेठी, बरेली, मुज़फ्फरनगर, जलालपुर, दाऊदपुर तथा मछलीगांव से आने वाली अंजुमनें भी अपनी हाज़िरी देंगी। कार्यक्रम की मेज़बानी अंजुमन सफ़ीर-ए-नासेरुल अज़ा, कटघर कमाल द्वारा की जाएगी।
जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों पर तकरीरों का सिलसिला भी जारी रहेगा। इस अवसर पर मौलाना सैय्यद आदिल अब्बास रिज़वी (लखनऊ), मौलाना सैय्यद नावेद आब्दी (झांसी), मौलाना सैय्यद आबिद रिज़वी (फ़तेहपुर), मौलाना सैय्यद नामदार अब्बास (दिल्ली), मौलाना सैय्यद मोहम्मद मशरक़ैन (कटघर कमाल) तथा मौलाना सैय्यद हेलाल अब्बास (कटघर कमाल) सहित कई प्रतिष्ठित उलमा-ए-किराम अपने विचार व्यक्त करेंगे।
आयोजकों ने समस्त अरबाब-ए-अज़ा एवं श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर जुलूस में शिरकत करने और कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण अब्बास वीडियो जलालपुर एवं आज़ादारी अंबेडकर नगर के माध्यम से किया जाएगा, जिससे दूर-दराज़ के लोग भी इस धार्मिक आयोजन से जुड़ सकेंगे।





