तीन दिन बाद भी हमलावरों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोश, सदर तहसील का किया घेराव
मांग पूरी न होने पर एसपी कार्यालय पर धरना देने की दी चेतावनी
महोबा।शहर कोतवाली क्षेत्र के बारात पहाड़ी गांव के पास तीन दिन पहले अधिवक्ता सतीश अवस्थी पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में शुक्रवार को वकीलों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य का पूर्ण बहिष्कार कर जबरदस्त प्रदर्शन किया। जिला अधिवक्ता समिति के नेतृत्व में सैकड़ों वकीलों ने कचहरी परिसर से पैदल मार्च निकाला और सदर तहसील पहुंचकर घेराव किया। इस दौरान वकीलों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जिला अधिवक्ता समिति के अध्यक्ष बालेंद्र पाराशर ने आरोप लगाया कि हमलावर बदमाशों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण पुलिस उन पर हाथ डालने से कतरा रही है। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी कि जब तक सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा जाता, तब तक वकीलों की हड़ताल और कार्य बहिष्कार अनवरत जारी रहेगा।
अधिवक्ताओं ने कहा कि यदि जल्द ही पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं की, तो वे पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का घेराव कर धरने पर बैठने को विवश होंगे। वकीलों के बढ़ते आक्रोश और हंगामे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला हरकत में आया। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर शिवध्यान पाण्डेय ने अधिवक्ताओं को शांत कराया। उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताते हुए आश्वासन दिया कि पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।





