नगर पंचायत बढ़नी में मुहर्रम पर्व के दृष्टिगत आजाद नगर मुहल्ले व भट्ठा मोहल्ला में दो जगहों पर चौक पर ताजिया रखकर अकीदतमंदों ने फातिया पढ़कर इमाम हसन और हुसैन से परिजनों की सलामती , क्षेत्र में खुशहाली तथा देश में अमन और शांति कायम रहने के लिए दुआ माँगी और मुहर्रम की दसवीं पर सरहद के निकट स्थित कर्बला पर अकीदतमंदों ने सूरज के ढलते ही ताजिए दफ़न कर दिए।
शुक्रवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नगर पंचायत बढ़नी में कस्बे के भट्ठा मोहल्ला और आजाद नगर स्थित चौक से करीब दो बजे निर्धारित परंपरागत मार्गो से अकीदतमंद ताजिया लेकर कस्बे के मालगोदाम पहुंचे वहाँ अकीदतमंदों ने जायरीनों को सबील , मिठाईयां आदि लोगों में बाँटी। इस दौरान या हसन या हुसैन के नारे फिजाओं में गूंजते रहे।
धीरे धीरे अकीदतमंदो ने मुहर्रम के जुलूस के साथ कर्बला की ओर रुख किया और कर्बला पर पहुंचते ही सभी ताजिये एक जगह रखे गए, और सूरज ढलते ही फातिया पढ़ने के बाद सभी ताजिये कर्बला पर दफ्न कर दिए गए। इस दौरान ढेबरूआ थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र यादव, लेखपाल अनिरुद्ध चौधरी सहित भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही।





