HomeMarqueeप्रेम-प्रसंग में बाधक बने पति की गला रेतकर हत्या

प्रेम-प्रसंग में बाधक बने पति की गला रेतकर हत्या

पत्नी समेत तीन गिरफ्तार

चंदौली । अलीनगर थाना क्षेत्र के महेवा नहर के पास मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार प्रेम-प्रसंग में बाधक बन रहे पति की हत्या की साजिश पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। हत्या के बाद शव को नहर में फेंककर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित चाकू, घटना में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर बाइक, खून से सने कपड़े, दो मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 25 जून को धर्मानंद यादव ने महेवा गौरी माइनर के पास पुलिया के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का गला रेतकर हत्या किए जाने की सूचना दी थी। सूचना पर अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। बाद में शव की पहचान महादेवपुर निवासी 40 वर्षीय राजेश कुमार के रूप में हुई। मृतक के बड़े भाई रमेश ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि राजेश की पत्नी उर्मिला देवी के लखमीपुर कैथापुर निवासी राहुल शर्मा उर्फ जितेंद्र शर्मा से अवैध संबंध थे। इसी कारण दोनों ने विनोद पाल के साथ मिलकर राजेश की हत्या की साजिश रची।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ल के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर रेवसा अंडरपास के पास घेराबंदी कर बिहार भागने की फिराक में बाइक से जा रहे राहुल शर्मा और विनोद पाल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान राहुल के बैग से खून लगा धारदार चाकू, रक्तरंजित कपड़े, मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी उर्मिला देवी को भी उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उर्मिला देवी और राहुल शर्मा के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। इसका विरोध राजेश कुमार करता था, जिससे पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पति को रास्ते से हटाने के लिए उर्मिला ने राहुल पर हत्या का दबाव बनाया और इसके बदले दस हजार रुपये देने का लालच भी दिया। योजना के तहत 24 जून को राजेश कुमार को जमीन दिखाने के बहाने घर से बुलाया गया। रास्ते में उसे शराब पिलाई गई और देर शाम महेवा नहर के पास ले जाकर विनोद पाल ने उसे पकड़ लिया, जबकि राहुल ने धारदार चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।

इसके बाद शव को नहर में फेंक दिया गया और आरोपी घर लौट गए।
पुलिस के अनुसार अगले दिन शव मिलने और जांच तेज होने पर आरोपी हत्या में प्रयुक्त सामान नष्ट कर बिहार भागने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपितों में लखमीपुर कैथापुर निवासी जितेंद्र शर्मा उर्फ राहुल (30), विनोद पाल (51) तथा महादेवपुर निवासी उर्मिला देवी शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular