घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी,पुलिस ने दर्ज की मुकदमा
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के औरंगाबाद इलाके में गुरुवार की सुबह तेज़ रफ्तार थार की टक्कर से तीन लोग घायल हो गए, जबकि एक दुकान को भी भारी नुकसान पहुंचा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन एक नाबालिग चला रहा था। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
पुलिस के अनुसार यूपी-65 जीबी-1212 नंबर की काले रंग की थार में तीन नाबालिग सवार थे। वाहन को टेढ़ी नीम निवासी प्रिन्स साहनी (17 वर्ष) चला रहा था, जबकि उसके साथ अक्षय यादव (16 वर्ष) निवासी अगस्तकुंडा गोदौलिया तथा पीयूष साहनी (17 वर्ष) निवासी मानमंदिर मौजूद थे। तीनों औरंगाबाद से रामकुंड की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थार ने पहले एक मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मारी। दुर्घटना के बाद चालक घबरा गया और वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद तेज रफ्तार वाहन सड़क किनारे मौजूद लोगों की ओर बढ़ गया और कई लोगों को चपेट में लेने के बाद सीधे मुन्नालाल की दूध-मलाई की दुकान में जा घुसा। हादसे में दुकान को भी काफी नुकसान पहुंचा।
दुर्घटना में रंगनाथ पांडेय (30 वर्ष), विश्वभर नाथ चौरसिया (72 वर्ष) तथा मीता सोनकर (55 वर्ष) घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। रंगनाथ पांडेय का इलाज पांडेयपुर अस्पताल, विश्वभर नाथ चौरसिया का ट्रॉमा सेंटर और मीता सोनकर का उपचार सिगरा स्थित अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल सामान्य है।
सूचना मिलने पर सिगरा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त थार को कब्जे में ले लिया। पुलिस को तहरीर प्राप्त हो चुकी है तथा नाबालिग चालक के साथ-साथ वाहन स्वामी के विरुद्ध भी मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर नाबालिगों के हाथों में वाहन सौंपे जाने की गंभीर समस्या को उजागर करता है। सड़क सुरक्षा नियमों के बावजूद कम उम्र के बच्चों द्वारा वाहन चलाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जो न केवल उनकी बल्कि अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा बन रही हैं। यदि समय रहते अभिभावक और वाहन स्वामी अपनी जिम्मेदारी समझें तो इस प्रकार की कई दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। प्रशासन भी लगातार लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और नाबालिगों को वाहन न सौंपने की अपील कर रहा है।





