महोबा। गर्मी के मौसम में संभावित आग की दुर्घटनाओं से बचाव और सुरक्षा पुख्ता करने के लिए महोबा पुलिस और अग्निशमन विभाग ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के कुशल निर्देशन में पूरे जनपद में एक विशेष अग्नि सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गुरुवार को प्रभारी अग्निशमन अधिकारी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की टीम ने उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवा मुख्यालय (लखनऊ) की ‘स्कीम नंबर-05’ के अंतर्गत शहर के विभिन्न होटलों और रेस्टोरेंटों का सघन फायर ऑडिट किया। अभियान के दौरान गुरुवार को टीम ने ‘होटल हंड्रेड पाम’ और ‘होटल मीरा हेरिटेज’ में सफलतापूर्वक मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस दौरान होटल के कर्मचारियों को आपातकालीन स्थिति से निपटने के गुर सिखाए गए। अग्निशमन टीम ने स्टाफ को सिखाया कि आग लगने पर बिना घबराए कैसे त्वरित और प्रभावी कदम उठाए जाएं।
इसके साथ ही सभी कर्मचारियों से अग्निशमन यंत्रों (फायर एक्स्टिंग्विशर) का व्यावहारिक संचालन भी कराया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर वे इसका तुरंत उपयोग कर सकें। फायर ब्रिगेड की टीम ने दोनों होटल परिसरों में पहले से स्थापित अग्नि सुरक्षा उपकरणों की बारीकी से जांच की। टीम ने संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि उपकरणों को हमेशा वर्किंग कंडीशन में रखें, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में जन-धन के नुकसान को रोका जा सके। जनपद पुलिस और अग्निशमन विभाग ने आम जनता सहित सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों के मालिकों से अपील की है कि वे अनिवार्य रूप से अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करें। साथ ही अपने-अपने संस्थानों में लगे सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच कराते रहें, जिससे हादसों से बचा जा सके।





