हमीरपुर। डीजल चोरी के दौरान बदमाशों और ट्रक मालिक के बीच हुई फायरिंग में पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बरामद स्कार्पियो वाहन को थाने में खड़ा किया है। बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमें लगा दी गयी ह़ै।
कुरारा थाना के पतारा गांव के ट्रक मालिक विजय नारायण सिंह पुत्र शिवकरण सिंह ने ललपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि सोमवार को सुबह करीब 3.30 बजे ट्रक यूपी 91टी 6927 को बीपीआरएन पंप के पास लेकर चालक खड़ा किए था। तभी अज्ञात पांच चोर स्कॉर्पियो यूपी 78 जीएच 2444 से आकर खड़े ट्रक से डीजल निकालने लगे।
यह देख ट्रक ड्राइवर ने चोरों को ललकारा तो चोरों ने तमंचा निकालकर ड्राइवर को धमका कर भगा दिया। फोन से सूचना मिलने पर ट्रक मालिक अपने साथी मुस्करा थाना के कंधौली गांव के रविराज सिंह पुत्र यशवंत सिंह, थाना सिसोलर के बैजेमऊ गांव के लाल सिंह पुत्र राम अवतार के साथ अपनी हुंडई औरा कार यूपी 91 वाई 6406 लेकर मौके पर पहुंचे तो चोर स्कॉर्पियो लेकर कुंडौरा मोड़ से पौथिया की तरफ मुड़ गए।
डायल 112 को सूचना देने पर पीछा करते देख पौथिया गांव के बाहर स्कॉर्पियो सवार लोगों ने गाड़ी से उतरकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। और वाहन को छोड़कर भाग गए। मौके से बरामद स्कॉर्पियो को ललपुरा थाने में लाकर खड़ा किया गया है। जिसमें एक अवैध पिस्टल, चाकू, डंडा, आठ डिब्बे डीजल के भरे हुए कुछ डिब्बे खाली मिले हैं। थानाध्यक्ष राकेश सरोज ने बताया कि वाहन स्वामी की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।





