पिस्टल की नोक पर भरवाया पेट्रोल, सीसीटीवी कैमरा में कैद हुई घटना
पेट्रोल पंप संचालक ने पुलिस कमिश्नर से लगाई गुहार
वाराणसी। सिंधोरा थाना क्षेत्र के गड़बड़ा स्थित वैष्णवी फ्यूल के.एस.के पेट्रोल पंप पर असलहे के बल पर मुफ्त में पेट्रोल भरवाने और कर्मचारियों को धमकाने का मामला सामने आया है। पेट्रोल पंप संचालक विशाल कुमार सोनकर ने पुलिस उपायुक्त वाराणसी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, 17 मई 2026 की रात करीब 2:30 बजे गड़बड़ा निवासी विवेक उपाध्याय उर्फ गोलू पेट्रोल पंप पर पहुंचा।
आरोप है कि उसने कर्मचारियों पर पिस्टल तान दी और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। इसके बाद वह मुफ्त में पेट्रोल भरवाकर फरार हो गया। जाते समय उसने पेट्रोल पंप लूटने की धमकी भी दी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर और आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
सिंधोरा थाने की हिस्ट्रीशीटर सूची में भी उसका नाम शामिल बताया गया है। घटना की पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों में कैद होने का दावा किया गया है। संचालक ने कहा कि घटना के बाद से कर्मचारी दहशत में हैं और पेट्रोल पंप के संचालन में भय का माहौल बना हुआ है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि सिंधोरा थाने में लिखित शिकायत देने के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने पुलिस उपायुक्त से मामले में हस्तक्षेप कर मुकदमा दर्ज कराने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।





