मौदहा। लखनऊ में अधिवक्ताओं के बस्तों पर बुलडोजर चलाने तथा पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने की घटना के विरोध में बार एसोसिएशन मौदहा ने सोमवार को न्यायिक कार्यों का बहिष्कार कर विरोध जताया। अधिवक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और अधिवक्ता समाज की गरिमा पर हमला बताया।
बार एसोसिएशन की ओर से कहा गया कि अधिवक्ताओं के साथ किया गया व्यवहार बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है, जिससे अधिवक्ता समाज में भारी रोष व्याप्त है। एसोसिएशन के आह्वान पर अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहे और लखनऊ के अधिवक्ताओं के समर्थन में एकजुटता प्रकट की।
इस दौरान बार एसोसिएशन अध्यक्ष शिवलाल पाल, महामंत्री विवेक दीक्षित सहित अन्य पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ताओं ने कहा कि यदि ऐसी घटनाओं पर रोक नहीं लगी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।





