बोदरवार, कुशीनगर। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बोदरवार के दक्षिण बगहाबीर बाबा के स्थान के पास कप्तानगंज बोदरवार पिपराइच मार्ग पर कप्तानगंज की ओर से आ रही पिकप और पिपराइच की ओर से आ रहे मोटरसाइकिल डिस्कवर की आपस मे टक्कर हो गयी जिसमें बाईक के परखच्चे उड़ गए और उस सवार तीन लोग बुरी तरह घायल हो गये। मौके पर पहुंची बोदरवार पुलिस चौकी की पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल भिजवाया और वाहनों को चौकी पर ले गयी।
शुक्रवार को शाम साढ़े चार बजे के आसपास सुग्गा पाकड़ निवासी जाहिद अली पुत्र हनीफ उम्र लगभग 40 वर्ष ,अपनी बहन नजमा व अपने 10 वर्षीय पुत्र अरमान को लेकर आ रहे थे। अभी घोघरा के आगे बगहाबीर बाबा के स्थान के पास पहुंचे ही थे कि कप्तानगंज की ओर से आ रही पिकप से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गयी और तीनो गंभीर रुप से घायल हो गये।
लोगों द्वारा सूचना देने पर बोदरवार चौकी इंचार्ज शनि जावला अपने हमराहियों कांस्टेबल संदीप प्रजापति, संदीप यादव व राकेश कुमार के साथ मौके पर पहुंच कर घायलों को इलाज के लिए ऐम्बुलेंस द्वारा कप्तानगंज सीएचसी भिजवाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल कुशीनगर रेफर कर दिया। जिसमें दस वर्षीय अरमान की हालत बहुत अधिक नाजूक बताई जा रही है। बोदरवार चौकी की पुलिस ने दोनो वाहनों को अपने कब्जे में लेकर पुलिसिया कार्रवाई शुरू कर दी।





