इटावा। संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल का विरोध करना विपक्ष को भारी पड़ रहा है।पूरे उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा)महिला मोर्चा ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के विरोध और महिला सम्मान के मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी,कांग्रेस समेत विपक्षी सांसदों के आवास का घेराव किया।इसी क्रम में महिला मोर्चा ने इटावा लोकसभा से सपा सांसद जितेंद्र दोहरे के आवास का घेराव व जोरदार विरोध प्रदर्शन कर विपक्ष पर महिला विरोधी मानसिकता का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान *महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर ‘महिलाओं का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’,नारी शक्ति का विरोध बंद करो’ और महिला विरोधी सोच मुर्दाबाद’, ‘समाजवादी पार्टी मुर्दाबाद आदि के नारे लगाए।महिला पदाधिकारियों के साथ सदर विधायक सरिता भदौरिया ने सांसद आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को राजनीतिक रूप से मजबूत बनाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठा रही है,लेकिन विपक्ष केवल वोट बैंक की राजनीति के चलते इसका विरोध कर रहा है।
उन्होंने मांग की कि विपक्षी सांसद सार्वजनिक रूप से माफी मांगें,अन्यथा आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।महिला पदाधिकारियों के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार अन्नू गुप्ता ने सांसद आवास के बाहर जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि जो दल महिलाओं को उनका अधिकार देने के खिलाफ हैं,जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।महिला मोर्चा अध्यक्ष व जिला उपाध्यक्ष विरला शाक्य ने आरोप लगाया कि विपक्ष हमेशा महिलाओं के अधिकारों को दबाने का काम करता आया है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व सांसद रघुराज शाक्य,प्रेमदास कठेरिया,सभासद पूनम पाण्डेय,महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विनीता गुप्ता,जिला मंत्री मधु तोमर,लोकसभा अभियान संयोजक व महिला मोर्चा उपाध्यक्ष नीतू नारायण मिश्रा,आकांक्षा गुप्ता,पूनम तिवारी,राधा पाल,जिला संयोजक सोशल मीडिया विमलेश शाक्य आदि महिला मोर्चा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।





