महराजगंज। जनपद में बैंकिंग सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से महराजगंज पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर व ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न बैंक शाखाओं और एटीएम बूथों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई।
पुलिस टीमों ने सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्ड की तैनाती सहित अन्य सुरक्षा उपायों का जायजा लिया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखते हुए आसपास के क्षेत्रों में गश्त भी की गई। अभियान के दौरान आमजन को साइबर व बैंकिंग सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे किसी के साथ अपना एटीएम, ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और बड़े लेन-देन में सावधानी बरतें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि बैंकिंग व्यवस्था को सुरक्षित और मजबूत बनाया जा सके।





