हमीरपुर। जनपद में महिला एवं बाल विकास को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में 82 नव चयनित आंगनवाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इनमें सुमेरपुर ब्लॉक की 50 तथा कुरारा ब्लॉक की 32 सहायिकाएं शामिल हैं। कार्यक्रम जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देशन में तथा सदर विधायक डा. मनोज कुमार प्रजापति की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने नव चयनित सहायिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि शून्य से छह वर्ष तक के बच्चों को समुचित पोषण मिलना उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सहायिकाओं से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने कहा कि आंगनवाड़ी सहायिकाएं समाज के सबसे महत्वपूर्ण वर्ग, माताओं और बच्चों के कल्याण से सीधे जुड़ी होती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण एवं बच्चों के पोषण के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जिसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की भूमिका अहम है। उन्होंने यह भी कहा कि सहायिकाओं का चयन पारदर्शी एवं मेरिट आधारित प्रक्रिया के तहत किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा नव नियुक्त सहायिकाओं को विभागीय योजनाओं, पोषण अभियान, टीकाकरण एवं बाल विकास कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी इंद्रपाल सिंह, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता जलीश खान, बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





