समस्याओं का समयबद्धता से करें निस्तारण
प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर त्वरित रूप से कार्यवाही के दिए निर्देश
सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का तत्परता से निदान करना सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों व समस्याओं का निस्तारण शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी मनीष बंसल तहसील रामपुर मनिहारान में सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर लोगों की समस्याओं का निस्तारण कर रहे थे। उन्होने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायत निस्तारण के प्रति संवेदनशीलता दिखाएं और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए समस्याओं का समयबद्धता से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होने आए हुए लोगों की शिकायतों को सुनकर सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी प्रकरणों में प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर त्वरित रूप से कार्यवाही की जाए। उन्होंने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप जो समय सीमा समस्याओं के निस्तारण की दी गई है, उसी के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि निस्तारण के साथ-साथ लाभार्थी को संतुष्टी भी मिलनी चाहिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने कहा कि पुलिस अधिकारी आमजन की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समयबद्ध ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, डीएफओ शुभम सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.प्रवीण कुमार, उपजिलाधिकारी डॉ.पूर्वा, पीडीडीआरडीए प्रणय कृष्ण सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।





