युवा तुर्क नेता चन्द्रशेखर के भव्य स्मारक को बनाने की पहल करेगा समता ट्रस्ट
बाराबंकी। देश के पूर्व प्रधानमंत्री युवा तुर्क नेता स्वर्गीय चंद्रशेखर की 100वीं जयंती शुक्रवार को देवा रोड स्थित में मनाई गई। इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर के सहयोगी रहे समता ट्रस्ट के संस्थापक एवं समाजवादी चिन्तक राजनाथ शर्मा ने उनके चित्र पर मार्ल्यापण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर इकलौते नेता थे जिन्होंने प्रधानमंत्री की कुर्सी पर आसीन होने के बाद बहुत कम समय में देश की तमाम समस्याओं का निराकरण कराया। चन्द्रशेखर केवल एक महान नेता नहीं, बल्कि एक विचारधारा और युग के प्रतीक थे। उनके राष्ट्रप्रेम, दूरदर्शिता और सुशासन की सोच ने भारतीय राजनीति को नई दिशा दी।
आज उनकी जन्मशताब्दी पर जिले में एक भव्य स्मारक बनाने का संकल्प लेना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। श्री शर्मा ने बताया कि चन्द्रशेखर जी की भले ही जन्मभूमि बलिया रही हो लेकिन उनकी कर्मभूमि बाराबंकी भी थी। उनका राजनीति के साथ-साथ कृषि के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। शहर के निकटतम सफेदाबाद स्थित भुहेरा गांव में उन्होंने चौधरी अजीमुद्दीन अशरफ की जमीन को किराए पर लेकर लगभग 50 सालों तक खेती की। पहले उनके मामा और मित्र श्याम जी त्यागी इसे देखते थे। जब चन्द्रशेखर जी राजनीतिक दायरा बढ़ गया तब उनके मित्र पतित पावन अवस्थी यह काम देखने लगे। चन्द्रशेखर जी का बाराबंकी लगातार आना जाना लगा रहा।
उन्होंने कई राते भुहेरा गांव में गुजारी। मुझे लगता है इसी के प्रेरणा से उन्होंने हरियाणा स्थित भौंडसी गांव में एक आश्रम बनवाया। जहां हर साल चन्द्रशेखर जी अपना जन्मदिन मनाते थे, जब तक वह जीवित रहे मैं भी वहां जाता था। चन्द्रशेखर जी जब जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए तब वह सै. सगीर अहमद और राजनारायण जी के साथ मेरे घर आए। श्री शर्मा ने कहा कि हम लोगों की राय है कि बाराबंकी में चन्द्रशेखर की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए राज्य सरकार एक खेल-कूद का मैदान और चन्द्रशेखर की प्रतिमा के साथ-साथ उनका स्मारक बनवाया जाए। उन्होंने बताया कि चंद्रशेखर का जन्मशताब्दी वर्ष 17 अप्रैल 2026 से शुरू हो रहा है।
इस विशेष वर्ष के अवसर पर समता ट्रस्ट ‘जननायक चन्द्रशेखर जन्मशती समारोह समिति’ के माध्यम से प्रदेश भर में कई कार्यक्रम आयोजित करेगा। राजधानी लखनऊ, बाराबंकी, बलिया और बदायूं सहित विभिन्न शहरों में संगोष्ठियां, स्मृति कार्यक्रम, संवाद और विचार गोष्ठियों का आयोजन होगा। जिसका उद्घाटन सत्र बाराबंकी में होगा। जिसके के लिए चन्द्रशेखर जी के अभिन्न मित्र एवं उनके सहयात्री रहे राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश और इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र के अध्यक्ष रामबहादुर राय को आमंत्रित किया गया है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शिवशंकर शुक्ल और सभासद मो फैसल ने कहा कि राज्य सरकार से उक्त भूमि पर उनका भव्य स्मारक बनवाने की मांग की।
उन्होंने इस स्मारक में राज्य सरकार के साथ-साथ चन्द्रशेखर से जुड़े उनके साथियों और उनके समर्थकों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि बाराबंकी में चन्द्रशेखर जी का भव्य स्मारक बनना चाहिए। इसके लिए स्थानीय नेताओं को पहल करनी चाहिए। इस मांग के लिए नेताओं व अधिकारियों को पत्र दिया जाएगा। इस मौके पर पूर्व विधायक सरवर अली, सभासद अश्वनी शर्मा शिवा, विनय कुमार सिंह, पाटेश्वरी प्रसाद, रंजय शर्मा, विजय कुमार सिंह मुन्ना, अशोक जायसवाल, मोहम्मद सलीम, राजू गौतम, विजय कुमार, सियाराम वर्मा, अंकित शर्मा, राना प्रताप सिंह आदि कई लोग मौजूद रहे।





