महिला उत्पीड़न के प्रकरण में कार्यवाही में शिथिलता बरतने पर व्यक्त की कड़ी नाराजगी
सिद्धार्थनगर। उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग, श्रीमती चारू चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को महिला जन सुनवाई कार्यक्रम एवं जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक विकास भवन सभागार में सम्पन्न हुई। इस दौरान श्रीमती चारू चौधरी के समक्ष राजस्व विभाग एवं महिला उत्पीड़न के कुल 5 प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत हुए। उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग ने सम्बंधित अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही कर प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण दोनो पक्षो को सुनकर कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी के साथ भेदभाव न किया जाये समस्याओं का त्वरित निस्तारण करायें। महिला उत्पीड़न के प्रकरण में पुलिस विभाग के द्वारा कार्यवाही में शिथिलता बरतने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुये महिला थाना की थानाध्यक्ष/सम्बंधित थानाध्यक्ष को दोनो पक्षों को बुलाकर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया।
समाज कल्याण, महिला कल्याण, दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संचालित समस्त योजनाओ का लाभ पात्र लाभार्थियों को दिलाये। आयुष्मान कार्ड के प्रति लोगों को जागरूक करें तथा कैंप लगाकर पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनवाकर लाभ दिलाया जाये। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्कूलों में शिक्षको की उपस्थिति की जांच कराने का निर्देश दिया। शिक्षक स्कूल में समय से उपस्थित हों तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करायें। बच्चे ड्रेस में उपस्थित हों इसके लिए अभिभावकों को जागरूक करें। विद्यालय के शौचालय की साफ-सफाई व्यवस्था ठीक कराने का निर्देश दिया। विद्यालयों में महिला सुरक्षा के बारे में जागरूक किया जाये। बाल कल्याण समिति को बाल विवाह को रोकने हेतु प्रभावी कार्यवाही करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार नौगढ़, जिला विद्यालय निरीक्षक अरूण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह, महिला थानाध्यक्ष भाग्यवती पाण्डेय, व अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित थे। इसके पश्चात उपाध्यक्ष, उप्र राज्य महिला आयोग, श्रीमती चारू चौधरी द्वारा प्रा0 विद्यालय उसका बाजार का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपस्थित पंजिका को देखा गया तथा प्रत्येक कक्षा में जाकर बच्चों से बात कर पढ़ाई के बारे में जानकारी प्राप्त किया गया। शौचालय में साफ-सफाई का आभाव पाया गया। सम्बंधित को साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। आंगनबाड़ी केन्द्र उसका बाजार में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई व बच्चों को अन्नप्राशन कराया गया।
सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को समय से पोषाहार का वितरण कराने का निर्देश दिया। सैम मैम बच्चों की मानीटरिंग कर पोषित श्रेणी में लायें। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय उसका बाजार में शक्ति संवाद कार्यक्रम में बालिकाओं से संवाद किया गया। बालिकाओं से विद्यालय में मिल रहे सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त किया गया तथा उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसके पश्चात मा० उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग, श्रीमती चारू चौधरी द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नौगढ़ का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति रजिस्टर, ओपीडी रजिस्टर को देखा गया, ओपीडी में प्रगति ठीक पाया। कहा कि मरीजों को सभी दवायें निःशुल्क व जांच उपलब्ध कराया जाये। बाहर की दवा न लिखें। सभी डाक्टर समय से उपस्थित रहें। मरीजो को किसी प्रकार की समस्या नही होना चाहिए।





