योगी सरकार ने 30 रुपये प्रति कुंतल गन्ना मूल्य बढ़ोत्तरी का लिया सराहनीय फैसला
किसानों की आय दोगुना करने का मोदी-योगी सरकार का संकल्प होगा पूरा
गोरखपुर । प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार द्वारा गन्ना मूल्य में प्रति कुंतल 30 रुपये की बढ़ोत्तरी को भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह ने एतिहासिक और सराहनीय कदम बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार के इस फैसले से किसानों के जीवन में समृद्धि आएगी। राज्य के किसान अब और खुशहाल होंगे।
बुधवार को गोरखपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व की बसपा और सपा सरकार में किसानों की घोर उपेक्षा की गई थी। प्रदेश में 21 चीनी मिलें औने-पौने दाम में बेच दी गई। किसानों को उनके गन्ने के मूल्य का समय से भुगतान नहीं किया गया। इन दोनों सरकारों में किसानों के हितों के साथ कुठाराघात किया गया।
इसके उलट केंद्र की नरेंद्र मोदी की और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार ने किसानों के हित में कई बड़े कदम उठाते हुए इनकी आय दोगुना करने का संकल्प लिया है। उन्होंने बताया कि योगी आदित्यनाथ की सरकार के करीब साढ़े आठ साल के कार्यकाल में 12000 करोड़ रुपये का निवेश कर छह बंद चीनी मिलों को चालू कराया गया है। चार नई चीनी मिलें स्थापित हुई हैं और 42 चीनी मिलों का क्षमता विस्तार किया गया है।
श्री सिंह ने कहा कि योगी सरकार ने अब तक 85 रुपये प्रति कुंतल गन्ना मूल्य में बढ़ोत्तरी की है। इसमें पेराई सत्र 2025-26 के लिए 30 रुपये की बढ़ोत्तरी शामिल है। इस बढ़ोत्तरी के बाद अगेती प्रजातियों पर 400 रुपये प्रति कुंतल गन्ना मूल्य का भुगतान किसानों को होगा। इसी तरह सामान्य गन्ना मूल्य का दर 390 रुपये प्रति कुंतल होगा।
उन्होंने गन्ना मूल्य में बढ़ोत्तरी करने के लिए किसानों की ओर से प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताते हुए कहा कि कृषक समाज के हित में लिए गए निर्णयों का परिणाम है कि चीनी मिलों की संख्या की दृष्टि से उत्तर प्रदेश देश में दूसरे एवं गन्ने की बुआई क्षेत्रफल के हिसाब से प्रथम स्थान पर है। इस बढ़ोत्तरी से किसानों को करीब 3000 करोड़ रुपये अतिरिक्त गन्ना मूल्य का भुगतान प्राप्त होगा। पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. बच्चा पाण्डेय नवीन, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विनय सिंह भी मौजूद रहे।





