जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया वृक्षारोपण, टीनशेड का उद्घाटन
मौदहा (हमीरपुर)। माह के प्रथम शनिवार को तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 60 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से छह शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी अभिषेक गोयल एवं पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाण्डेय ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान फरियादियों ने बिजली, जल निगम, सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा तथा पुलिस संबंधी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान कस्बे के अरतरा तिराहा निवासी काजल सोनकर अपनी पारिवारिक शिकायत लेकर पहुंची थीं। शिकायत प्रस्तुत करते समय उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह एवं नायब तहसीलदार महेंद्र गुप्ता ने तत्काल स्थिति को संभाला। एम्बुलेंस बुलाकर महिला सिपाहियों की सहायता से उन्हें उपचार के लिए भेजा गया। कोतवाली प्रभारी ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने तहसील परिसर में लगाए गए टीनशेड का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने तहसील प्रांगण में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी कर्णवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय, तहसीलदार शिखर मिश्रा, नायब तहसीलदार महेंद्र गुप्ता, अधिशासी अधिकारी सीमा तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





