मौदहा (हमीरपुर)। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में कुल 30 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से केवल 7 का मौके पर निस्तारण हो सका। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीएम राकेश कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद वर्मा ने संयुक्त रूप से की।
समाधान दिवस में विभिन्न प्रकार की समस्याएं सामने आईं। गांव पाटनपुर की सुदामा पुत्री छिद्दू ने शिकायत करते हुए बताया कि वह पिछले लगभग 40 वर्षों से अपने पिता के घर में रहकर जीवन यापन कर रही है। पिता द्वारा उसे साढ़े चार बीघा कृषि भूमि दी गई थी, लेकिन पिता की मृत्यु के बाद उसके भाइयों ने जमीन पर कब्जा कर लिया है, जिससे उसके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
वहीं, गांव गुरदहा निवासी श्रीपाल पुत्र महेश्वरी और कस्बा मौदहा के मोहल्ला पूर्वी तरौस की गौसिया पत्नी मकबूल ने वृद्धा पेंशन न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। सिसोलर थाना क्षेत्र के गांव भैसमरी की कृष्णा देवी ने घरेलू बिजली बिल में एक माह में हुई अत्यधिक वृद्धि को लेकर शिकायत की और बताया कि कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
इसके अलावा सिसोलर, खंडेह, करहिया, इचौली, गुसियारी और नायक पुरवा के ग्रामीणों ने पेयजल संकट को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं। समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस और बिजली विभाग से संबंधित शिकायतें सर्वाधिक रहीं। इस दौरान एसडीएम करण वीर सिंह, सीओ राजकुमार पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





