सूचना विभाग की कार्यप्रणाली होगी ‘उज्जवल’
-पाइप लाइन में पड़ी डिजिटल मीडिया नीति जल्द आयेगी धरातल पर
-विज्ञापन आवंटन की अनियमितताएं होगी खत्म
मुमताज़ अली
लखनऊ। प्रदेश के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का मुख्य कार्य सरकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना है। प्रदेश की भाजपा सरकार को एक वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। 2019 का लोकसभा चुनाव भी अब ज्यादा दूर नहीं है। ऐसे में सूचना विभाग की ज़िम्मेदारी बढ़ जाती है कि वो सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाये। अभी हाल ही में हुए प्रशासनिक फेरबदल में नवजवान आईएएस अधिकारी डाॅ. उज्जवल कुमार को इस विभाग के निदेशक पद की ज़िम्मेदारी दी गयी है। नवागत अधिकारी ने भी इसे चैलेंज के रूप में लिया है।
प्रदेश के नये सूचना निदेशक डाॅ. उज्ज्वल कुमार ने 15 अप्रैल को सूचना निदेशालय का कार्यभार ग्रहण किया था। डाॅ. कुमार 2012 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। इसके पूर्व वह मथुरा-वृन्दावन नगर निगम में नगर आयुक्त के पद पर तैनात थे।

अवधनामा से शुक्रवार को हुई विशेष बातचीत में डाॅ. उज्ज्वल कुमार सूचना विभाग को लेकर अपनी प्राथमिकताएं बताई। जब उनसे पूछा गया कि यह विभाग उनके लिए कितना चैलेंजिंग है? तो उन्होने कहा कि वह अभी विभाग के नियमों की जानकारी ले रहें हैं और जल्द ही नियमों के तहत कामों के तहत अंजाम देंगें। उन्होने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनता से जुड़ी सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाना है। उन्होने कहा कि प्रचार-प्रसार की जो योजनाएं चल रही हैं, उसके अलावा वो नये संसाधनों का इस्तेमाल करके इसे और अधिक व्यापक करेंगें। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के डिजिटल इण्डिया मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए भी डाॅ. उज्जवल नये प्रयास करेंगें। उन्होने कहा कि वो अपने पूर्ववर्ती अधिकारियों से भी जानकारी हासिल कर रहे हैं। इसके बाद वो डिजिटल मीडिया के लिए भी प्लान तैयार करेंगे।
विज्ञापन आवंटन में होने वाली अनियमितताओं के बारे में उन्होने बताया कि हम जल्द ही पूरी व्यवस्था को आॅनलाइन करने का भरसक प्रयास करेंगें। सूचना निदेशक डाॅ. उज्ज्वल कुमार का मानना है कि ऐसा होने से सूचना विभाग के मापदण्डों पर खरा उतरने वाले समाचार पत्रों को फायदा मिलेगा और विज्ञापन आवंटन की पारदर्शी व्यवस्था लागू हो सकेगी।
डाॅ. उज्ज्वल कुमार ने बताया कि डिजिटल मीडिया को प्रोत्साहन और बढ़ावा देने के लिए भी नया मीडिया प्लान पाइपलाइन में है, जल्द ही वह धरातल पर उतरेगा।
जब उनसे पूछा गया कि नियमों की कसौटी पर खरा न उतरने वाले समाचार पत्रों और पत्रिकाओं को किस प्रकार विज्ञापन मिल जाता है? तो उन्होने जवाब में कहा कि अभी उन्हे पदभार ग्रहण किये हुए कुछ ही दिन बीते हैं। उन्होने कहा कि वह जानकारी इकट्ठी कर रहें हैं और जल्द ही इन अनियमितताओं को दूर करेंगें।
ज्ञात हो कि पदभार ग्रहण करते सूचना निदेशक डाॅ. उज्ज्वल कुमार एक्शन में आ गये थे। उनहोने अपने कार्यालय कक्ष में आते ही विभागीय अधिकारियों से मुलाकात की थी। विभागीय अधिकारियों द्वारा विभाग के विभिन्न प्रभागों में सम्पन्न किए जा रहे कार्यो की विस्तृत जानकारी हासिल की थी। तदुपरांत डाॅ उज्ज्वल कुमार ने निदेशालय के सूचना ब्यूरो, निकासी ब्यूरो, निरीक्षा, लेखा, आॅडिट, प्रेस, प्रशासन, क्षेत्र प्रचार, विज्ञापन, फिल्म बन्धु, सन्दर्भ पुस्तकालय, फोटो यूनिट, कम्प्यूटर कक्ष, निकासी शाखा आदि प्रभागों का निरीक्षण करते हुए विभागीय अधिकारियों के कक्षों का भी निरीक्षण किया था। इसके अतिरिक्त निदेशक द्वारा सचिवालय एनेक्सी स्थित मुख्यमंत्री सूचना परिसर, इलेक्ट्रानिक सेल तथा मीडिया सेण्टर का भी निरीक्षण किया गया था। इसके बाद डाॅ. उज्ज्वल ने सचिवालय एनेक्सी स्थित मीडिया सेन्टर में प्रेस प्रतिनिधियों से भी औपचारिक मुलाकात की थी। गुरूवार को श्री उज्जवल ने सूचना विभाग के नये निर्माणधीन परिसर का भी निरीक्षण किया था।
निदेशक के रूप में डाॅ. उज्ज्वल कुमार ने अधिकारियों से कहा है कि वह विभागीय कार्यो का निष्पादन निर्धारित समयावधि के अन्तर्गत पूर्ण करते हुए शासन की नीतियों, योजनाओं के प्रचार-प्रसार में भरपूर योगदान दें। नये निदेशक डाॅ. उज्ज्वल कुमार किस प्रकार सूचना विभाग की कार्यप्रणाली को ‘उज्जवल’ बनायेंगें, ये तो आने वाला समय ही बतायेगा। परंतु नवागत अधिकारी के हौसले बुलंद हैं, और वह जल्द ही कुछ नया करेंगे।
——————————————————————————————————————–
अगर आप भी चाहते है अपने मोबाइल पर खबर तो तुरंत इस 9918956492 नंबर को अपने फ़ोन में अवधनामा के नाम से सेव करे और हमे व्हाट्सप्प कर अपना नाम और जिला बताये और पाए अपने फोन पर लेटेस्ट खबरे





