आरजेडी प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के खिलाफ पड़े सीबीआई के छापों के बाद कांग्रेस खुलकर उनके समर्थन में आ गई है. कांग्रेस स्टेट प्रेसिडेंट अशोक चौधरी ने कहा कि हम लालू के साथ खड़े हैं. बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने लालू पर पड़े सीबीआई छापों के लिए बीजेपी पर हमला साधा. अशोक चौधरी ने कहा कि बीजेपी धर्मनिरपेक्ष ताकतों को कमजोर कर रही है.

इसके अलावा अशोक चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि गुजरात में अमित शाह तड़ीपार थे. वहीं मोदी हजारों लोगों की जान लेकर पीएम बने हैं. वे हमें सता रहे हैं.
चौधरी के बयान पर बीजेपी नेता नंद किशोर यादव ने कहा कि लालू और उनके परिवार के खिलाफ पड़ी सीबीआई रेड के बाद उनसे इस तरह की टिप्पणी की उम्मीद थी. आप कांग्रेस पार्टी से ज्यादा उम्मीद नहीं कर सकते. एक भ्रष्ट पार्टी दूसरी भ्रष्ट पार्टी के साथ खड़ी है. नीतीश कैबिनेट में कांग्रेस के सभी चार मंत्रियों ने लालू से उनके घर पर मुलाकात भी की.
इस बीच, कांग्रेस की ओर से नीतीश कैबिनेट में शामिल चारों मंत्री अशोल चौधरी, अवधेश सिंह, अब्दुल जलील और मदन मोहन झा ने शनिवार को लालू से मुलाकात की.
सीबीआई, ईडी बन गई हैं सरकार की कठपुतलियां
इससे पहले लालू प्रसाद के खिलाफ सीबीआई की कार्रवाई पर कांग्रेस ने कहा कि सीबीआई, ईडी जैसी संस्थाएं सरकार की कठपुतलियां बन गई हैं और वे सरकार के राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ घटिया चाल चल रही हैं. कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने लालू से जुड़े विभिन्न परिसरों पर सीबीआई द्वारा मारे गए छापे के बारे में प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए एक बयान में कहा, कानून को अपना काम निष्पक्ष एवं समुचित ढंग से करने देना चाहिए. साथ ही उन्होंने कहा, बहरहाल, जब सीबीआई, ईडी जैसी कानून प्रवर्तन एजेंसियां बीजेपी सरकार की बंधक कठपुतलियां बन जाएं और उसके राजनीतिक विरोधियों की तरह घटिया चाल चलने वाले विभाग की तरह काम करने लगें तो यह लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है.
रेलमंत्री रहते लालू ने की गड़बड़िया
शुक्रवार को सीबीआई ने लालू यादव को घेरते हुए आरोप लगाए कि उन्होंने रेलमंत्री रहते हुए बड़ी वित्तीय गड़बड़ियां कीं. इस मामले में आरजेडी सुप्रीमो के अलावा उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बिहार के उप मुख्यमंत्री और उनके बेटे तेजस्वी यादव के अलावा चार अन्य लोगों का नाम आया है. सीबीआई ने गुरुवार को इस मामले में भ्रष्टाचार का नया केस दर्ज करते हुए पटना में सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी देवी के आवास सहित पटना, रांची, गुरुग्राम और भुवनेश्वर में 12 जगहों पर छापेमारी की.






