उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत शनिवार को पुलिस अधीक्षक हमीरपुर के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा कार्यशाला एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान महिला पुलिस कर्मियों व मिशन शक्ति टीम ने विद्यालयों, प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों और धार्मिक स्थलों पर जाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में छात्राओं और महिलाओं को आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच, महिला अधिकारों और अपराध से बचाव संबंधी जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि छेड़छाड़ अथवा किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना होने पर डरें नहीं, बल्कि तुरंत हेल्पलाइन 1090 या नजदीकी थाने में जाकर एफआईआर दर्ज कराएं।
महिला पुलिस कर्मियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की। साथ ही सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 वीमेन हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 और 108 एम्बुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड लाइन, 101 अग्निशमन सेवा व 1930 साइबर हेल्पलाइन की जानकारी विस्तार से दी गई।





