WI vs PAK Test Match Result: जस्टिन ग्रीव्स (7 विकेट) की शानदार गेंदबाजी के चलते मेजबान वेस्टइंडीज ने पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान को 90 रन से करारी शिकस्त दी।
जस्टिन ग्रीव्स (7 विकेट) की शानदार गेंदबाजी के चलते मेजबान वेस्टइंडीज ने पहले टेस्ट मैच में पाकिस्तान को 90 रन से करारी शिकस्त दी। कप्तानी में बदलाव के बाद भी पाकिस्तान (WI vs PAK Test Match 2026) की किस्मत नहीं बदली। बाबर आजम विदेशी जमीं पर अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए।
वेस्टइंडीज की पिछले 11 टेस्ट मैचों में सिर्फ दूसरी जीत है, जबकि पाकिस्तान की विदेशी टेस्ट में लगातार आठवीं हार (Pakistan Away Test Record) है। पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ जुलाई 2023 में विदेशी जमीं पर आखिरी टेस्ट जीता था। इसके बाद से हार का सिलसिला जारी है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज टीम (West Indies vs Pakistan) ने कावेम हॉज (84) और शाई होप (92) के अर्धशतक की बदौलत पहली पारी में 311 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद अली को 4, मोहम्मद अब्बास को 3 और खुर्रम शहजाद को 2 सफलताएं मिली। जवाब में पाकिस्तान की पहली पारी 282 रन पर ही ढेर हो गई।
जस्टिन ग्रीव्स ने 5 विकेट चटकाए और पाकिस्तानी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। ग्रीव्स ने अपने टेस्ट करियर का पहला पंजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने इतिहास भी रच दिया। ग्रीव्स टेस्ट क्रिकेट के 149 सालों के इतिहास के पहले ऐसे गेंदबाज बने, जिन्होंने लगातार 5 मेडन ओवर डालकर 5 विकेट चटकाए हों।
पाकिस्तान की ओर से पूर्व कप्तान शान मसूद (109) ने शतक लगाया। वहीं इमाम उल हक (63) ने फिफ्टी लगाई। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 155 रनों की साझेदारी हुई। इसके बाद पाकिस्तान का अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया।
मोहम्मद अब्बास के 5 विकेट के चलते विंडीज टीम दूसरी पारी में 181 रन पर ही सिमट गई। ऐसे में बाबर आजम की कप्तानी वाली टीम को जीत के लिए 211 रन का टारगेट मिला। हालांकि, पाकिस्तान टीम 120 रन ही बना सकी और 90 रन से मैच हार गई। पाकिस्तान की ओर से दूसरी पारी में कप्तान बाबर आजम अकेले डटे रहे। उन्होंने अन्य बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। 3 नंबर पर उतरे बाबर ने 107 गेंदों पर 58 रन की पारी खेली। जेडेन सील्स ने दूसरी पारी में 5 सफलताएं प्राप्त कीं।





