प्रशासनिक अनदेखी के बाद छात्रों ने स्वयं बनाया रनिंग ट्रैक; जेई देवेंद्र राजपूत व समाजसेवियों ने आर्थिक मदद देकर बढ़ाया मनोबल
महोबा। तहसील चरखारी की ग्राम पंचायत सूपा का खेल मैदान रखरखाव के अभाव में अव्यवस्था की भेंट चढ़ने के कारण मैदान में जगह जगह जंगली घास उग आई है साथ ही पत्थर मिट्टी के चलते छात्र छात्राओं, खिलाड़ियों और पुलिस आदि भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं को तमाम प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड रहा है, लेकिन किसी भी अधिकारी ने इस समस्या का समाधान नहीं किया तो गांव के युवाओं ने मैदान की साफ सफाई कर दौड़ने के ट्रैक बनाना शुरू कर दिया, जिससे उन्हें जान जोखिम में डालकर सड़कों पर न दौड़ना पड़े।
गौरतलब है कि ग्राम पंचायत सूपा का खेल मैदान की समुचित सफाई और रखरखाव न होने के चलते जगह-जगह जंगली घास उग आई है और गिट्टी पत्थर और मिट्टी के ढेर लगने शुरू हो गए है, जिससे विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और पुलिस आदि भर्ती के लिए दौड़ने वाले युवाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मैदान सही न होने की वजह से इन्हें सड़कों पर दौड़कर अपना अभ्यास और तैयारी करना पड़ रही थी, जो इनके जीवन के लिए हानिकारक है। इस समस्या का प्रशासनिक स्तर पर समाधान न होने पर युवाओं ने स्वयं ही मैदान में ट्रैक बनाने का संकल्प लिया और कार्य में जुट गए। छात्रों में यह जागरूकता पिछले कुछ महीनों से देखी जा रही है, जब वह लाइब्रेरी में एसी लगवाने के लिए एकजुट हुए थे।
छात्रों ने स्वयं मिलकर इस बंजर पड़े मैदान की साफ सफाई की और अस्थाई ट्रैक बनाने का कार्य शुरू किया। इस कार्य में विवेक, अनुज, मोनू, प्रिंस, आकाश, अमित, बउआ यादव, आजाद यादव, नीतिद्र और शिवम पाल जैसे कई छात्र सक्रिय रूप से भगीदारी निभा रहे हैं। छात्रों को मेहनत करता देख अब उन्हें स्थानीय समुदाय का भी समर्थन मिलना शुरू हो गया है और जेई देवेंद्र राजपूत ने छात्रों की मदद के लिए अपने वेतन का कुछ हिस्सा भी प्रदान किया है इसके अलावा समाजसेवी संजीव राजपूत, राजेश गुप्ता, धर्मपाल यादव आदि ने भी आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया है, जिससे इन युवाओं का मनोबल कम न हो।





